130 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में 41वें कब-बुलबुल उत्सव एवं 50वीं स्काउट्स-गाइड्स रैली का आयोजन भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 में किया गया। 4 नवंबर को आयोजित कब-बुलबुल उत्सव में बीएसपी की विभिन्न शालाओं के लगभग 130 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (शिक्षा) एवं जिला मुख्य आयुक्त श्रीमती शिखा दुबे ने ईश वंदना, ध्वजारोहण और ध्वज गीत के साथ किया। तीन दिवसीय स्काउट्स-गाइड्स रैली एवं कब-बुलबुल उत्सव का समापन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य तथा महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं) ए.बी. श्रीनिवास की विशेष उपस्थिति में हुआ।
मुख्य अतिथि पवन कुमार ने बच्चों की गतिविधियों और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग अनुशासन, सेवा भावना और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिविर में प्राप्त सीख को बच्चों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। वहीं ए.बी. श्रीनिवास ने कहा कि शिविर में अर्जित कौशल और अनुभव बच्चों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में मदद करेंगे।
उत्सव के दौरान सामूहिक नृत्य, चित्रकला, बुलबुल ट्री, विविध वेशभूषा, गंध, स्वाद और गांठ बांधने सहित आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने प्रकृति संरक्षण, बालिका शिक्षा, पर्यावरण जागरूकता और देशप्रेम जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। स्काउट्स-गाइड्स एवं कब-बुलबुल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ड्रिल के माध्यम से भी आकर्षक प्रदर्शन किया।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही श्रेष्ठ स्काउट, श्रेष्ठ गाइड और श्रेष्ठ टुकड़ी को सम्मानित किया गया। जिला आयुक्त (स्काउट) एवं भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के प्राचार्य विजय सिंह पवार ने शिविर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्काउट्स-गाइड्स से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में रोवर एवं रेंजर्स ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन मनीष तिवारी एवं डॉ. शीतल चंद्र शर्मा ने किया।
