Monday, July 27, 2026

ITI बॉयज़ हॉस्टल के पास गांजा बेच रहे 4 तस्कर गिरफ्तार, 2.5 किलो गांजा जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईटीआई बॉयज़ हॉस्टल के पास गांजा बेच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 514 ग्राम गांजा, बिक्री की ₹1,200 नकद रकम जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब ₹1.51 लाख बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार स्थित आईटीआई बॉयज़ हॉस्टल के पास दशहरा मंच के सामने 3-4 युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने चारों को दबोच लिया।

2.514 किलो गांजा और नकदी बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 2 किलो 514 ग्राम गांजा और ₹1,200 की बिक्री रकम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ और नकदी जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज किया।

चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख शब्बीर उर्फ कल्लू (21), उदय देवार (22), विकास वर्मा उर्फ चेतन (23) और रोहित कंवर (19) निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है।

जेल भेजे गए आरोपी

थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सरेआम निकाला गया जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से “गुनाह करना पाप है, अपराध करना पाप है” के नारे भी लगवाए गए। कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त संदेश देना बताया गया।

नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news