दुर्ग में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा
दुर्ग : न्यूज़ 36 : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने रवि शंकर स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने कार में नशीली अल्प्राजोलम टेबलेट लेकर ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 नग अल्प्राजोलम टेबलेट, एक कार, तीन मोबाइल फोन और 790 रुपये नगद सहित कुल 4,04,790 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि शंकर स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने ग्रे रंग की कार में नशीली टेबलेट रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश की जा रही है। सूचना पर पदमनाभपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दीपांकर दास वैष्णव (32), निवासी मुक्त नगर MIG-635, पदमनाभपुर के कब्जे से 70 नग अल्प्राजोलम टेबलेट, कार क्रमांक CG07AM6045, दो मोबाइल फोन और 790 रुपये नगद बरामद हुए। वहीं मुकेश राजपुत (34), निवासी कसारीडीह, गौरा-गौरी चौक, दुर्ग के कब्जे से 90 नग अल्प्राजोलम टेबलेट और एक रेडमी मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि जब्त नशीली टेबलेट का कुल वजन 9.01 ग्राम है। दोनों आरोपी कार में बैठकर अथवा खड़े होकर ग्राहकों को नशीली टेबलेट बेचने का प्रयास कर रहे थे।
मामले में थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 626/2026, धारा 22(ख), 27 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पदमनाभपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, खरीद या परिवहन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
