Monday, July 20, 2026

ऑटो में बैठाकर 74 हजार की चोरी, पुलिस ने चालक व साथी को किया गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : बैंक में रुपये जमा कराने जा रहे एक यात्री की जेब से 74 हजार रुपये चोरी करने वाले ऑटो चालक और उसके साथी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सवारी की सीट बदलवाने और ऑटो खराब होने का बहाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी अरविंद कुमार (32) ने थाना पुरानी भिलाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई 2026 को वह जीई रोड स्थित अपने कार्यालय से केनरा बैंक, चरोदा शाखा में 74,000 रुपये जमा कराने जा रहे थे। इस दौरान वह एक नीले-सफेद रंग के ऑटो में सवार हुए, जिसमें पहले से दो युवक बैठे थे।

रास्ते में ऑटो चालक ने पहले उन्हें पीछे और फिर आगे की सीट पर बैठाया। इसके बाद बैंक तक ले जाने के बजाय ज्योति कटिंग, चरोदा के पास यह कहकर उतार दिया कि ऑटो खराब हो गया है। नीचे उतरकर जब उन्होंने अपनी जेब देखी तो उसमें रखे 74,000 रुपये गायब थे।

शिकायत के आधार पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ऑटो क्रमांक CG 07 DB 6016 के चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया। पहचान परेड में प्रार्थी ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी गुरजीत सिंह (31) और धीरज वर्मा (20), दोनों निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बॉम्बे आवास), जामुल के रुप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी बॉबी गुरजीत सिंह के खिलाफ थाना सुपेला क्षेत्र में मारपीट और चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रा के दौरान अपने नकदी और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल 112 पर दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news