Sunday, August 30, 2026

पुरानी रंजिश में युवक की चाकू से हत्या, एक नाबालिग समेत 2 हिरासत में

नागपंचमी के विवाद का बदला रक्षाबंधन की रात

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के चंडी मंदिर नयापारा रोड में रक्षाबंधन की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाली-गलौज का विरोध करने पर शुरु हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला करने के साथ ही पत्थर से भी वार किया। गंभीर रुप से घायल युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन युवक खाना खाने के बाद बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंडी मंदिर नयापारा रोड पर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने घन्ना चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान पत्थर से भी वार किए जाने की बात सामने आई है।
जानलेवा हमले में धन्ना चौधरी के शरीर से काफी खून बह गया। उसके साथियों ने गंभीर हालत में उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। पुलिस ने तत्काल दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक विधि से संघर्षरत किशोर बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी कोमल ढीमर (19 वर्ष), चंडी मंदिर क्षेत्र का निवासी है।

नागपंचमी के दिन भी हुआ था विवाद

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। 17 अगस्त को नागपंचमी के दिन दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते रक्षाबंधन की रात करीब 10:30 बजे दोनों पक्षों का आमना-सामना हुआ और विवाद के दौरान धन्ना चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news