दुर्ग : न्यूज़ 36 : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को त्वरित राहत और न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महा जन-सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। दुर्ग संभाग की महा जनसुनवाई 11 मार्च को प्रेरणा सभाकक्ष जिला महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर दुर्ग में होगी। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष जनसुनवाई में दुर्ग संभाग के सात जिलों के कुल 113 प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। इनमें दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के मामले शामिल हैं। महा जनसुनवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जिन आवेदकों के प्रकरण सूचीबद्ध हैं, उन्हें स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। वहीं जो महिलाएं अब तक आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे भी सुनवाई स्थल पर अपना नया आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। आयोग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले साढ़े पाँच वर्षों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 370 जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी है।
