दुर्ग : न्यूज़ 36 : सीएसपीडीसीएल में सब इंजीनियर : के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने न्यू आदर्श नगर जोन-2 पद्मनाभपुर दुर्ग निवासी प्रिया देशमुख को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में पुलिस अन्य आरोपियों की भी पतासाजी कर रही है।
सेक्टर-7 भिलाई निवासी प्रार्थिया पायल (29) ने थाना पद्मनाभपुर दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि दो अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई। प्रिया देशमुख द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) में सब इंजीनियर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 20 लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें से 10 लाख रुपये अग्रिम के रूप में लिए गए। आरोपिया द्वारा प्रार्थिया को अपने सहयोगी रजत गुप्ता से मिलवाया गया, जिसने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। प्रार्थिया ने पुलिस को यह भी बताया कि नवंबर 2023 में उसे रायपुर सर्किट हाउस में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किया गया।
प्रार्थिया की शिकायत पर पदमनाभपुर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान आरोपित प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
