दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरसा खुर्द में सट्टा पट्टी लिखकर जुआ संचालन कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से
नगदी रकम, सट्टा पट्टी और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौकी जेवरा सिरसा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सिरसा खुर्द के छोटे तालाब के पास एक महिला आम लोगों से रुपये लेकर सट्टा पट्टी लिख रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने शेख ईद बी (42 वर्ष) निवासी सिरसा खुर्द को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से विभिन्न अंकों में लिखी 14 सट्टा पट्टियां, 4,900 रुपये नगद और एक डॉट पेन बरामद किया गया।
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपिया के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(2) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपिया अवैध रूप से सट्टा संचालित कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रही थी। मामले की जांच जारी है तथा क्षेत्र में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा या अन्य किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
