दुर्ग : न्यूज़ 36 : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ मेले के दौरान दर्शनार्थियों की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत कई ट्रेनों का विस्तार किया गया है। ट्रेनों के विस्तार करने से यात्रियों को बिना किसी परेशानी के आने जाने में सुविधा मिलेगी।
इस वर्ष भी मां बमलेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्रि पर्व का आयोजन 19 से 27 मार्च तक होने वाला है। दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ियों का स्थाई ठहराव, स्पेशल ट्रेन एवं कुछ गाड़ियों का विस्तार करते हुए सुविधा प्रदान की जा रही है। 68742 एवं 68741 गोंदिया- दुर्ग -गोंदिया मेमू पैसेंजर को रायपुर तक विस्तारित किया जा रहा है। 68729 एवं 68730 रायपुर- डोंगरगढ़ -रायपुर मेमू पैसेंजर को गोंदिया तक बढ़ाया जा रहा है। 06886 एवं 06885 डोंगरगढ़ मेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही है ताकि यात्रियों को परेशानी ना उठाना पड़े। इसी तरह 19 मार्च से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में कुछ प्रमुख गाड़ियों का भी ठहराव किया जाएगा। इसके तहत बिलासपुर- भगत की कोठी एक्सप्रेस, बिलासपुर- बीकानेर एक्सप्रेस, बिलासपुर- चेन्नई एक्सप्रेस, चेन्नई- बिलासपुर एक्सप्रेस, बिलासपुर -पुणे एक्सप्रेस, पुणे- बिलासपुर एक्सप्रेस, रायपुर- सिकंदराबाद एक्सप्रेस सहित अन्य गाड़ियों का स्टापेज दिया जा रहा है।
