भिलाई : न्यूज़ 36 : सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के एक वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने एक आरोपी और पांच अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग एक वर्ष पहले उसकी एक युवती से मित्रता थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच संपर्क समाप्त हो गया था। इसी बीच 5 जून को उसे एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को युवती का बॉयफ्रेंड बताते हुए मिलने के लिए कहा।प्रार्थी के मना करने के बावजूद 6 जून को दोबारा फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया गया। रात करीब 9:30 बजे प्रार्थी अपने चचेरे भाई के साथ नेहरू नगर स्थित अमनिक कैफे पहुंचा, जहां पहले से मौजूद युवकों ने उसे घेर लिया।
गाली-गलौज के बाद की गई मारपीट
पुलिस जांच में सामने आया कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी और उसके भाई के साथ अश्लील गाली-गलौज की। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और प्लास्टिक पाइप से हमला कर दिया गया। इस घटना में दोनों युवकों को चोटें आईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद सुपेला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई की।
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बनी वजह
पुलिस के अनुसार, मारपीट की घटना के पीछे पूर्व परिचय औरऔर आपसी रंजिश मुख्य कारण रही। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
पुलिस ने मामले में पंकज विश्वकर्मा (21 वर्ष) निवासी कातुलबोर्ड मिलन चौक, थाना मोहन नगर, दुर्ग सहित पांच अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है।
जब्त सामग्री
घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक पाइप
अन्य प्रकरण संबंधी सामग्री
पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून सम्मत तरीके से करें। सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, बलवा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
