दुर्ग : न्यूज़ 36 : शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के बी.ए., बी.कॉम, बीएससी, बी.सी.ए. आदि पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों की प्रथम मेरिट सूची में से लगभग दो तिहाई विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। शेष बची सीटों के लिये विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश समितियां द्वारा 23 जून को द्वितीय मेरिट सूची जारी की जायेगी।
यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि इन विद्यार्थियों को एक सप्ताह का समय प्रवेश हेतु दिया जायेगा। डॉ. सिंह ने बताया कि अनेक विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं की मूल अंकसूची तथा स्थानांतरण प्रमाणपत्र प्रदान नही किए जाने के कारण विद्यार्थी महाविद्यालय में प्रवेश लेने में कठिनाई का सामना कर रहे है। डॉ. सिंह ने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों से आग्रह किया है, कि वे अपने विद्यार्थियों को 12वीं की मूल अंकसूची तथा स्थानांतरण प्रमाणपत्र शीघ्र उपलब्ध करायें।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारीडॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि 22 जून तक महाविद्यालय में प्रवेशित विद्यार्थियों के विवरण के अनुसार बी.ए. प्रथम सेमेस्टर में 158, बी. कॉम प्रथम सेमेस्टर में 216, बी.सी.ए. में 16, बी.एससी प्रथम वर्ष गणित समूह में 77, कम्प्यूटर साईंस समूह 40, तथा आईटी तथा जियोलॉजी में 15 तथा बी. एससी प्रथम वर्ष बायोलॉजी समूह में 125 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
महाविद्यालय के स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि महाविद्यालय के स्वशासी प्रणाली के अंतर्गत समस्त स्नातकोत्तर कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी किये जा चुके हैं तथा सभी संकायों में स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर का प्रवेश 23 जून से 30 जून तक किया जायेगा। डॉ. सलूजा ने स्नाकोत्तर तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र- छात्राओं से शीघ्र प्रवेश लेकर निर्धारित शुल्क ऑनलाईन जमा करने का आग्रह किया।
