पुरानी भिलाई और खुर्सीपार थाने में पदस्थ SI पर गिरी गाज, तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी गई
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले में एक आपराधिक प्रकरण के आरोपी पक्ष से कथित रूप से पैसे मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकदुर्ग विजय कुमार अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार थाना पुरानी भिलाई में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू तथा थाना खुर्सीपार में पदस्थ उप निरीक्षक देवलाल साहू के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। दोनों पुलिस अधिकारियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें अपराध क्रमांक 288/2026 धारा 21 (क) (ख), 27 (क) एन.डी.पी.एस. के प्रकरण में आरोपी पक्ष से पैसा मांगने का विडियो वायरल हुआ है। उपरोक्तानुसार वायरल विडियो के अनुसार प्रथमदृष्ट्या दोनों उप निरीक्षकों के द्वारा भ्रष्ट आचरण परिलक्षित हुआ है।
आदेश में कहा गया है कि वायरल वीडियो के आधार पर प्रथम दृष्टया दोनों उप निरीक्षकों का आचरण संदिग्ध एवं विभागीय मर्यादा के विपरीत प्रतीत होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा को प्रारंभिक जांच कर तीन दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह आदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग से 3 जून 2026 को जारी किया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को वायरल वीडियो प्रकरण में त्वरित अनुशासनात्मक कदम माना जा रहा है।
