भाजपा नेता से विवाद कर कार की कांच को पत्थर से तोड़ा था
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग रेलवे स्टेशन की पार्किंग में शनिवार को पार्किंग शुल्क को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा नेता के साथ विवाद व कार की कांच तोड़ने के मामले में जीआरपी ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो अन्य आरोपित अभी फरार बताए जा रहे हैं। जीआरपी के अनुसार भिलाई कैंप निवासी शंभु प्रसाद कुशवाहा शनिवार को अपने स्वजन को लेने दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्वजन को लेकर वे कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्टेशन के गेट के पास मौजूद पार्किंग कर्मचारियों ने उनसे पार्किंग शुल्क मांगा। कुशवाहा ने कहा कि वे यहां रुके नहीं हैं, इसलिए शुल्क क्यों दें। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों चलती कार पर पत्थर फेंक दिया, जिससे कार का पिछला कांच टूट गया। इसके बाद कुछ आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की। मामले में जीआरपी चौकी दुर्ग पुलिस ने बीएनएस की धारा 324(2), 296, 115 (2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर पार्किंग कर्मचारी सूरज यादव (30) निवासी मोहन नगर, आटो चालक राजकुमार राव (31) निवासी सुपेला को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
