आरोपी चालक के खिलाफ कुम्हारी पुलिस ने किया केस दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : कुम्हारी थाना क्षेत्र में उरला-कुगदा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पाहंदा निवासी दिलेश्वर निषाद (30 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा लीलाधर निषाद अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 DQ 2364) से कुगदा जा रहे थे। इसी दौरान 4 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उरला-कुगदा रोड पर पिकअप वाहन (क्रमांक CG 07 CZ 9235) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में लीलाधर निषाद के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम शासकीय अस्पताल सुपेला में कराया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस ने कल शाम को अपराध क्रमांक 227/2026 दर्ज कर पिकअप चालक के खिलाफ धारा 184 एलकेएस तथा 106(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और आरोपी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
