चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत रसमड़ा में 27 फरवरी की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलगांव पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी युगल किशोर देशमुख (37 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी, रसमड़ा में गैस कटर का कार्य करता है। उसके साथ ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू उसी कंपनी में हेल्पर के पद पर कार्यरत था। दोनों प्रतिदिन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 ZR 3592 से कंपनी आना-जाना करते थे।
27 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 8 बजे जब दोनों रायपुर स्टील प्लांट, रसमड़ा के सामने चौक के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही ट्रक क्रमांक CG 07 BF 3747 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही युगल किशोर सड़क की बाहरी ओर जा गिरा, जबकि ऐमंत साहू ट्रक के नीचे फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे ऐमंत साहू ट्रक के साथ घसीटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक रुकवाकर ऐमंत को बाहर निकाला गया और रायपुर स्टील प्लांट की एंबुलेंस से उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल भिलाई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलगांव पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 0223/26 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
