दुर्ग : न्यूज़ 36 : शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 70 दिनों में 626 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। सभी वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय में भेजे गए हैं। न्यायालय द्वारा 10,000 रुपए से अधिक के अर्थ दंड से दंडित किया है। यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न चौक चौराहों एवं मार्गों पर प्रतिदिन शाम से देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान की जा रही है। ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत शराब सेवन कर वाहन चलाने पाए जाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जनवरी माह में 198, फरवरी में 288 तथा मार्च माह में अब तक कुल 140 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इस प्रकार पिछले 70 दिनों में कुल 626 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।
