Wednesday, November 18, 2026

BSP की लीज पॉलिसी पर व्यापारियों का कड़ा रुख, 25% प्रीमियम देने से इनकार

दिसंबर में भिलाई बंद की संभावना

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र की लीज नवीनीकरण पॉलिसी को लेकर व्यापारियों की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है।
लीज प्रीमियम की 25 प्रतिशत राशि के भुगतान को असंभव बताते हुए भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बीएसपी प्रबंधन से राज्य शासन की गाइडलाइन का पालन करने की मांग की है।
वहीं, समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं होने पर दिसंबर माह में भिलाई बंद की संभावना भी जताई गई है।

लीज प्रीमियम की 25% राशि का भुगतान संभव नहीं

भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स की संपन्न आपात बैठक में बीएसपी प्रबंधन को पत्र भेजकर पुनः अवगत कराया गया है कि लीज प्रीमियम की 25% राशि का भुगतान किया जाना किसी भी स्थिति में संभव नहीं है। राज्य शासन की गाइडलाइन का पालन बीएसपी प्रबंधन को करना होगा। व्यावसायिक एजेंसी की भूमि दरों को स्वीकार किया जाना संभव नहीं है।

व्यापारियों को बैंक ऋण दिलाने की व्यवस्था करे बीएसपी

भिलाई इस्पात संयंत्र को व्यापारियों की जमानत लेकर बैंकों से ऋण दिलाने की व्यवस्था पर भी ध्यान देना होगा या क्लॉज नंबर 13 को हटाना होगा, ताकि दुकानदार बैंक से ऋण लेकर प्रबंधन को राशि का भुगतान कर सकें, क्योंकि 90% दुकानदार इन दरों पर राशि का भुगतान किसी भी स्थिति में नहीं कर सकेंगे।

लीज नवीनीकरण की समय-सीमा दो वर्ष बढ़ाने की मांग

भारतीय इस्पात प्राधिकरण द्वारा जारी की गई पॉलिसी में मात्र एक वर्ष का समय रखा गया है। एक वर्ष में छह माह का समय आवश्यक जानकारी के अभाव में व्यतीत हो चुका है और अभी भी बीएसपी प्रबंधन लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया हमारी समस्याओं को दूर करके कब तक पूरी करेगा, इसकी कोई विधिवत जानकारी नहीं है। ऐसी स्थिति में लीज रिन्यूअल की समय-सीमा कम से कम दो वर्ष बढ़ाई जानी चाहिए।

जमा किए गए आवेदनों पर विस्तृत जानकारी मांगी

भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं सामाजिक संस्थाओं के उपस्थित प्रतिनिधियों ने जमा किए गए आवेदन पर विस्तृत जानकारी की मांग बीएसपी प्रबंधन से की है। आज की बैठक में सात सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ करीब 28 सेक्टर के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे।

दिसंबर माह में भिलाई बंद की संभावना

बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी हुआ है कि पत्रों का जवाब समय पर नहीं आने से जो मानसिक तनाव बना हुआ है, जिसके कारण शहर उद्वेलित हो रहा है, समय रहते समाधान नहीं होने की स्थिति में दिसंबर माह में भिलाई बंद की संभावना बनी है।

मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी, नगर सेवाएं को सौंपा ज्ञापन

मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी, नगर सेवाएं को ज्ञापन सौंपकर भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने समय रहते प्रबंधन एवं व्यापारी प्रतिनिधियों के मध्य बैठक आयोजित करने का निवेदन किया है। विभागीय अधिकारी की अनुपस्थिति में महाप्रबंधक (लीज दुकान) को उक्त आशय का पत्र स्टील सिटी चैंबर के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन एवं सलाहकार सदस्य रामकुमार गुप्ता ने मुलाकात कर दिया है।

बैठक में ये प्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैठक में रामकुमार गुप्ता, दिनेश सिंघल, सुरेश रतनानी, पी. रवि नारायण, सुरेश आहूजा, जे.के. जैन, सत्यनारायण बंछोर, रूपेश जैन, अजय शंकर दीक्षित, प्रबल भूरा, कमल जैन, डी.एच. सिंह, दिगंबर जैन, खंडेलवाल भवन, अय्यप्पा मंदिर समिति, केरला समाजम के प्रतिनिधि सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news