ई-सहयोग पोर्टल पर शुरू हुई नई सुविधा, कर्मियों को राहत
एक अप्रैल से एसइएसबीएफ कटौती हो जाएगी बंद
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कर्मचारियों के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। संयंत्र के नियमन अनुभाग द्वारा जारी परिपत्र के तहत दूर एडवांस और यात्रा भत्ता (टीए) बिल से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को आनलाइन कर दिया गया है। 17 मार्च 2026 से लागू इस नई व्यवस्था के तहत अब कर्मचारियों को टूर एडवांस, टीए बिल और टूर कंप्लीशन रिपोर्ट के लिए हार्ड कापी जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह पूरी प्रक्रिया ई-सहयोग पोर्टल के माध्यम से आनलाइन संपन्न की जाएगी। नई प्रणाली के अंतर्गत तीन प्रमुख माड्यूल शुरू किए गए हैं, जिनमें आनलाइन टूर एडवांस और बिल आवेदन, यात्रा समापन रिपोर्ट प्रविष्टि तथा विभागाध्यक्ष द्वारा टूर समापन रिपोर्ट का आनलाइन अनुमोदन शामिल है।” कर्मचारियों को अब यात्रा अग्रिम या स्थानांतरण अग्रिम के लिए आवेदन, दूर पूरा होने के बाद टीए बिल का सबमिशन और यात्रा समापन रिपोर्ट आनलाइन ही जमा करने की सुविधा मिलेगी।
प्रबंधन के अनुसार, इस डिजिटल पहल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ेगी। खास बात यह है कि अब यात्रा पूर्ण होने के बाद टीए बिल जमा करने के लिए नियंत्रण प्राधिकारी की अलग से मंजूरी की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, टूर एडवांस नहीं लेने की स्थिति में टीए बिल जमा करने की समय-सीमा यात्रा पूर्ण होने की तारीख से छह महीने तय की गई है। यदि कोई कर्मचारी छह महीने के बाद बिल जमा करता है, तो उसे संबंधित स्वीकृत प्राधिकारी की अनुमति संलग्न करनी होगी। इसी के साथ, संयंत्र प्रबंधन ने कर्मचारियों से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की है। सेल कार्पोरेट आफिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार एक अप्रैल 2026 से कर्मचारी पेंशन लाभ कोष (एसइएसबीएफ) में वेतन से की जाने वाली दो प्रतिशत कटौती को समाप्त किया जा रहा है।
