भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने गुरुवार को निगम सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शहर के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाइट मरम्मत से संबंधित आगामी निविदाएं अब सीधे जोन स्तर पर जारी की जाएंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो।
गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए आयुक्त ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन भविष्य में पेयजल संकट से निपटने का प्रभावी माध्यम है। साथ ही शहरवासियों से भी अपने घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की अपील की, ताकि सामूहिक प्रयासों से भू-जल स्तर को संरक्षित किया जा सके।
भिलाई को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाने तथा पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए सुश्री सिंह ने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा निगम के बकाया बिजली बिलों के भुगतान और बिजली खपत को नियंत्रित करने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के उद्देश्य से निगम के सभी
विभागों को शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर निगम आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा, “नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना और पर्यावरण का संरक्षण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्ध तरीके से करें।”
बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त नरेंद्र बंजारे एवं डी. के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, ऐशा लहरे, अजय गौर, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, संजय अग्रवाल, संजय वर्मा, अरविंद शर्मा, अनिल सिंह, नितेश मेश्राम, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
