दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में घरेलू एलपीजी गैस तथा डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ऑयल कंपनियों के अधिकारियों, डिस्ट्रीब्यूटरों और गैस एजेंसियों की बैठक लेकर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
कलेक्टर ने बताया कि उज्ज्वला योजना सहित जिले में लगभग 4 लाख गैस कनेक्शन हैं और वर्तमान में प्रतिदिन करीब 9750 गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे अत्यावश्यक संस्थानों को ही सप्लाई किए जा रहे हैं। साथ ही जिले में डीजल-पेट्रोल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका ई-केवाईसी नहीं हुआ है, वे अपनी गैस एजेंसी में जाकर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करा लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-233-3555 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में खाद्य नियंत्रक अनुराग सिंह भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
