मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए नागरिकों को समयसीमा पूर्व आवेदन जमा करने की अपील
मेयर अलका बाघमार ने पार्षदों की मौजूदगी में बूथों की व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन
फॉर्म–A6 और गणना पत्रक वितरण में तेजी लाने बीएलओ को निर्देश
दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम की मेयर अलका बाघमार ने शुक्रवार को दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड 60, 19, 20 एवं 21 के विभिन्न मतदान केंद्रों (बूथों) का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2025 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं सुधार कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से किया गया।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य शेखर चंद्राकर,अरुण सिंह,रंजीता पाटिल,सावित्री दमाहे,विजय भनोट और कृष्णा सिंह भी साथ रहे। मेयर ने एक-एक बूथ पर जाकर बीएलओ एवं उपस्थित कर्मचारियों से फॉर्म भरने की वास्तविक स्थिति, लंबित गणना पत्रकों की संख्या और नागरिकों की सहभागिता पर विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बीएलओ गणना पत्रक के साथ फॉर्म–A6 भी अनिवार्य रूप से प्रदान करें, जिससे नए मतदाताओं, स्थानांतरित मतदाताओं तथा त्रुटि सुधार हेतु आवेदन करने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेयर बाघमार ने यह भी बताया कि कई नागरिक अभी तक अपने गणना पत्रक जमा नहीं कर पाए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवेदन जमा करें, ताकि आपका नाम आगामी मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।”

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बूथ परिसर की उपलब्ध सुविधाओं, जानकारी पट्ट, आवश्यक फार्मों की उपलब्धता, बीएलओ की उपस्थिति तथा नागरिकों को दी जा रही सहायता का भी परीक्षण किया। उन्होंने अभियान को और अधिक सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए।
मेयर के इस दौरे को देखते हुए क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह भी देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान टीम ने वार्ड 60, 19, 20 और 21 के सभी बूथों का क्रमवार निरीक्षण कर अपडेट लिया।
