दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को महज़ कुछ घंटों में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शराब और सिगरेट पीने की बात को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
मामला दुर्ग थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी भरत यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई अनिल यादव (उम्र 28 वर्ष, निवासी शिवपारा, दुर्ग) 10 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे बिना नंबर की काले रंग की एक्टिवा स्कूटी लेकर घर से निकला था और रातभर वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह पंचशील नगर, परस सेन के मकान के पास बिजली ऑफिस के सामने एक शव मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे तो मृतक की पहचान अनिल यादव के रूप में हुई।
मृतक के सिर पर गहरी चोटें थीं, जिससे साफ था कि उसकी सिर पर बल्ली और पत्थर से वार कर हत्या की गई है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और विवेचना प्रारंभ की।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि शराब और सिगरेट पीने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने अनिल यादव पर पत्थर और बल्ली से वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त (बल्ली और पत्थर) को बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
👮♂️ गिरफ्तार आरोपी : साहिल टंडन उर्फ भोको, निवासी पंचशील नगर, दुर्ग,भुवन साहू (उम्र 18 वर्ष 4 माह), निवासी पंचशील नगर, दुर्ग, एक विधि से संघर्षरत बालक
🔹 इस पूरे प्रकरण में निरीक्षक तापेश्वर सिंह नेताम, उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ठाकुर, सउनि रामकृष्ण तिवारी, प्रधान आरक्षक आबिद खान, अजय विश्वकर्मा, आरक्षक केशव कुमार, विकास तिवारी, प्रशांत पाटनकर, कमलकांत अंगूरे और सुरेश जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही।
