Tuesday, June 2, 2026

दुर्ग जिला-अस्पताल की मॉर्चुरी में 5 महीने से फ्रीजर खराबः लाश बाहर रखने की नौबत

नवजात का शव सड़ने लगा; कांग्रेस ने दिया अल्टीमेटम

दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले के सबसे बड़े सरकारी जिला अस्पताल की मॉर्चुरी एक फ्रीजर पिछले 5 महीने से खराब पड़ा है। इस कारण शवोंको फ्रीजर के बाहर रखने की स्थिति बन गई है। हालात इतने खराब हैं कि नेवई क्षेत्र से मिले एक अज्ञात नवजात के शव को कार्टन पर रखना पड़ा। जिससे शव सड़ने लगा और आसपास दुर्गंध फैल गई।

जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में दो फ्रीजर कैबिनेट हैं। हर कैबिनेट में चार-चार शव रखने की क्षमता है। इस तरह कुल 8 शव सुरक्षित रखे जा सकते हैं। लेकिन एक फ्रीजर कैबिनेट के पांच महीने से खराब रहने के कारण क्षमता घटकर केवल चार शवों तक सीमित रह गई है। इसके चलते अतिरिक्त शवों को बाहर रखना पड़ रहा है।
दुर्गंध से कर्मचारी और परिजन परेशान

मॉर्चुरी में पर्याप्त फ्रीजर सुविधा नहीं होने के कारण शवों को खुले में रखना पड़ रहा है। इससे लगातार दुर्गंध फैल रही है। अस्पताल कर्मचारियों, पोस्टमॉर्टम स्टाफ और मृतकों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मॉर्चुरी की स्थिति ऐसी हो गई है कि कई परिजन अंदर जाने से भी कतराने लगे हैं। उनका आरोप है कि रेडक्रॉस समिति की तरफ से शवों को फ्रीजर में रखने के लिए 300 रुपए शुल्क लिया जाता है, लेकिन सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।

कांग्रेस ने अस्पताल पहुंचकर उठाया मुद्दा

शनिवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. आशीषयन मिंज से मुलाकात कर मॉर्चुरी की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

कांग्रेस नेताओं ने जल्द नया फ्रीजर कैबिनेट लगाने और मॉर्चुरी की व्यवस्था सुधारने की मांग की। उनका कहना है कि चार महीनेपहले भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

गर्मी में बाहर रखे जा रहे शव

कांग्रेस नेताओं के अनुसार फ्रीजर की कमीके कारण कई शव गर्मी के मौसम में बाहर रखने पड़ रहे हैं। शनिवार को भी मॉर्चुरी के बाहर दो शव रखे हुए थे, जिनसे दुर्गंध आ रही थी। नेताओं ने कहा कि यह स्थिति मृतकों के सम्मान और स्वास्थ्य मानकों दोनों के खिलाफ है।

15 दिन का अल्टीमेटम

कांग्रेस ने अस्पताल प्रबंधन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नया फ्रीजर कैबिनेट नहीं लगाया गया और मॉर्चुरी की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जिला अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल की अन्य समस्याओं को भी जल्द दूर करने की मांग की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news