दुर्ग : न्यूज़ 36 : राजस्व वसूली को लेकर दुर्ग निगम का अभियान शनिवार को अवकाश के दिन भी जारी रहा। निगम के राजस्व विभाग अमला ने शनिवार को बकायादारों के घर-घर पहुंच कर 15 लाख रुपए से अधिक की राजस्व वसूली की। राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता के मार्गदर्शन में वसूली को लेकर निगम अमला सुबह से सक्रिय रहा। सहायक राजस्व अधिकारी शुभम गोइर ने बताया कि बड़े बकायदारों से निरंतर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है । इस कड़ी में शनिवार को होटल मालवा से संपर्क कर 15 लाख रुपए बकाया टैक्स जमा करने कहा गया। यदि नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया गया तो होटल में तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गणपति विहार के रहवासियों से कैंप लगाकर टैक्स वसूली किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा निगम की दुकानों को किराए पर संचालित करने वाले दुकादारों से भी वसूली को लेकर शिकंजा कसा जा रहा है। इसके लिए अलग से एक टीम बनाई गई है।
जलकर की वसूली पर भी फोकस
निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने बताया कि जलकर की वसूली को लेकर भी नगर निगम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अमृत मिशन योजना के अंतर्गत लगे नल कनेक्शन के संबंध में जानकारी जुटा ली गई है। वहीं अवैध नल कनेक्शन की वैध करने के लिए लोगों से संपर्क किया जा रहा है एफआईआर और जुर्माना जैसी कार्रवाई से बचने लोगों को नल कनेक्शन जल्द से जल्द अवैध कर लेने की सलाह दी जा रही है।
