Tuesday, June 2, 2026

क्रेटा कार के चारों दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबरों से 14.5 किलोग्राम का गांजा बरामद

ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार; 17.77 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के एक हाईटेक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक क्रेटा कार के चारों दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबरों से 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, वाहन, नगदी और मोबाइल फोन सहित करीब 17.77 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक क्रेटा कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना कुम्हारी और एसीसीयू/क्राइम टीम ने संयुक्त रुप से कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार क्रमांक CG 04 HX 6908 को रोककर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि तस्करों ने वाहन के चारों दरवाजों के भीतर विशेष रुप से गुप्त चेंबर तैयार कर रखे थे, जिनमें गांजा छिपाकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी। सामान्य जांच में यह दिखाई नहीं देता था।

पुलिस ने दरवाजों को खोलकर तलाशी ली तो उनमें छिपाकर रखा गया 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7.25 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तीरथा ठेला (36 वर्ष), निवासी नुआपाड़ा, उड़ीसा तथा किशन जगत (35 वर्ष), निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाने के लिए ला रहे थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने वाहन के दरवाजों में विशेष गुप्त चेंबर बनवाए थे।

17.77 लाख की संपत्ति जब्त

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरीके से गांजा परिवहन कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, क्रेटा वाहन, 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 17 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्यवाही

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगाऔर ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news