सोने के आभूषण, लोहे का रॉड बरामद
भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने के आभूषण एवं घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार केम्प-01 स्टील नगर वार्ड क्रमांक 28 निवासी बी. धनराजू (56 वर्ष) ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून की सुबह 11 बजे से 10 जून की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान के मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
शिकायत के आधार पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत धारा 331 (4) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही सन्नी यादव चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में इंदिरा चौक के पास घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड तथा चोरी गए सोने के आभूषण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी यादव (20 वर्ष) निवासी अटल आवास, इंदिरा गांधी कॉलेज के पीछे, जवाहर नगर, थाना वैशाली नगर, भिलाई के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे का रॉड, एक जोड़ी सोने का टाप्स और एक सोने की अंगूठी सहित कुल 39,900 रुपये मूल्य की मशरुका बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने की स्थिति में इसकी जानकारी पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को अवश्य दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
