दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में बढ़ती गर्मी और लू के असर को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने यातायात जवानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सराहनीय पहल की है।
शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात जवानों को धूप से बचाव के लिए सफेद गमछा और ठंडा पानी रखने के लिए पानी की बोतल वितरित की गई।
गौरतलब है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिनभर सड़कों पर खड़े रहकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
इस दौरान अधिकारियों ने सभी जवानों को निर्देश दिए कि ये नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें, धूप से बचाव के उपाय अपनाएं और किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जवानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
इस पहल को सफल बनाने में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने समन्वय के साथ वितरण कार्य संपन्न कराया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि भीषण गर्मी में अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
