दुर्ग : न्यूज़ 36 : भारती महाविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विद्यार्थियों ने थाना पुलगांव में शैक्षणिक भ्रमण किया। अपराध की प्रारंभिक शिकायत से विवेचना तक की प्रक्रिया की जानकारी पुलिस द्वारा दी गई ।घटना स्थल पर की जाने वाली पुलिस जांच से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। पुलिस कार्य प्रणाली को समझने का विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव मिला।
मंगलवार को भारती महाविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा पुलगांव थाना में शैक्षणिक भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान थाना के ड्यूटी अधिकारी एएसआई सुभाष साहू एवं प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों की प्रारंभिक शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया ,जांच अधिकारी द्वारा की जाने वाली विवेचना तथा अपराध की जांच की विधिवत कार्य प्रणाली की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को घटनास्थल पर पुलिस द्वारा की जाने वाली जांच प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन एवं संरक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को थाना के बंदीगृह विवेचना कक्ष माल खाना एवं थाना प्रभारी कक्ष का अवलोकन कराया गया जिसमें उन्हें पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
