भारतीय नाविकों की मौत पर जताया आक्रोश
भिलाई : न्यूज़ 36 : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम सेल परिवार चौक, सिविक सेंटर में प्रदर्शन कर भारतीय नाविकों की कथित मौत के लिए अमेरिका कोजिम्मेदार ठहराते हुए विरोध दर्ज कराया।
वाम दलों के नेताओं ने आरोप लगाया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे भारतीय नाविकों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी नौसेना द्वारा किए गए हमलों में भारतीय नाविकों की जान गई है। इस घटना के विरोध में देशभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत भिलाई में भी प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जानी चाहिए और किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरुप होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में प्रभावी कूटनीतिक पहल करने तथा मृतक नाविकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
वाम दलों के नेताओं ने केंद्र सरकार की विदेश नीतिकी भी आलोचना करते हुए कहा कि भारत को वैश्विक मंचों पर अपनी स्वतंत्र और संतुलित भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर अपेक्षित कठोर रुख अपनाने में विफल रही है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर पड़ रहा है। उन्होंने भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति, संवाद और कूटनीतिक समाधान के पक्ष में पहल करने की मांग की।
वाम दलों ने देशभर के नागरिकों से भी इस मुद्दे पर आवाज उठाने और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग का समर्थन करने का आह्वान किया।
