प्रदेश के 15 जिलों से 250 खिलाड़ी लेंगे भाग
भिलाई :न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ की 26वीं राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 19 अप्रैल 2026 तक सेक्टर-6 स्थित पावर जिम भिलाई में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन और पावर जिम भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रही है।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 जिलों से करीब 250 पुरुष और महिला खिलाड़ी व ऑफिशियल्स हिस्सा लेंगे। इसमें सब जूनियर (18 वर्ष तक), जूनियर (23 वर्ष तक), सीनियर (ओपन) और मास्टर वर्ग (40, 50, 60 और 70 वर्ष से अधिक) के खिलाड़ी भाग लेंगे।
महिला वर्ग में 43, 47, 52, 57, 63, 69, 76, 84 और +84 किलोग्राम तथा पुरुष वर्ग में 53, 59, 66, 74, 83, 93, 105, 120 और +120 किलोग्राम वजन वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को “बेस्ट लिफ्टर ऑफ छत्तीसगढ़ का खिताब दिया जाएगा, जिसमें नगद पुरस्कार, ट्रॉफी, पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सभी वजन वर्ग के विजेताओं को भी पदक एवं प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
इस बार प्रतियोगिता में पहली बार ऑनलाइन डिजिटल रेफरी लाइट सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य किया गया है।
संघ द्वारा खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का बयन राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम में किया जाएगा।
संघ के महासचिव कृष्णा साहू ने बताया कि यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर साबित होगा।
