भिलाई : न्यूज़ 36 : स्मृतिनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने चौकी प्रभारी पद से हटाकर रक्षित केंद्र भेज दिया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनके आचरण की जांच कराने के निर्देश डीजीपी को दिए थे। वहीं निरीक्षक प्रकाश कांत को यातायात से थाना प्रभारी भिलाई भट्टी, राजेश कुमार साहू को थाना प्रभारी भिलाई भट्टी से चौकी प्रभारी स्मृतिनगर बनाया गया है। प्रशासनिक कारणों से यह तबादला आदेश जारी किया गया है। बता दें कि गुरविंदर सिंह संधु पर हाल ही में दो व्यवसायियों के साथ गलत एवं मनमानी कार्रवाई करने के गंभीर आरोप लगे थे। मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि स्मृतिनगर चौकी प्रभारी के आचरण की उपयुक्त स्तर पर जांच कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सुधारात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाए। इसके बाद से संधु को हटाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। गुरुवार को एसएसपी ने यह आदेश जारी किया।
