आयोजनों से सामने आती है बच्चों की छुपी हुई प्रतिभाएं : गजेंद्र
दुर्ग : न्यूज़ 36 : स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, दीपक नगर में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा अनुशासन, शिक्षा और संस्कारों को विद्यार्थी जीवन की आधारशिला बताया। उन्होंने घोषणा की कि दीपक नगर में आगामी समय में स्मार्ट कक्षाओं का संचालन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कैबिनेट मंत्री यादव ने शिक्षकों से अपील की कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद, रचनात्मक गतिविधियों एवं बौद्धिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि एनुअल डे केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी छुपी प्रतिभायें सामने आती है। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में किसी प्रकार की प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है।
बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें :
कार्यक्रम में उपस्थित पालकों से संवाद करते हुए मंत्री यादव ने बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और उन्हें संस्कारवान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार और विद्यालय की संयुक्त भूमिका से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। मंत्री यादव ने जानकारी दी कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शासकीय विद्यालयों में बेहतर भवन और आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष अनूप गटागट, जिला महामंत्री विनोद अरोरा, पार्षद मनोज सोनी, विनोद मून, विजय जलकारे, आसिफ अली तथा प्राचार्य जे. मनोहरण सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
