1 जुलाई से 31 अगस्त तक मरम्मत कार्य के चलते आवाजाही पर रहेगी रोक, वाहन चालकों से सहयोग की अपील
दुर्ग : न्यूज़ 36 : रेलवे विभाग द्वारा सिरसा गेट अंडर ब्रिज में मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए जाने के कारण यह मार्ग आगामी दो माह तक बंद रहेगा। यातायात पुलिस दुर्ग ने जानकारी दी है कि 1 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक सिरसा गेट अंडर ब्रिज से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने रविवार को सिरसा गेट अंडर ब्रिज एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य के दौरान अंडर ब्रिज के दोनों ओर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक स्टॉपर तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
मोटरसाइकिल, कार एवं अन्य हल्के वाहनों के लिए निम्न मार्ग निर्धारित किए गए हैं –
चरोदा एच केबिन होते हुए जी केबिन अंडर ब्रिज मार्ग से सिरसाकला ग्राम।
रॉयल खालसा तिराहा – देवभोग – उरला अंडर ब्रिज – देवबलौदा मार्ग।
कुम्हारी बीएमसी मिल से ग्राम कुगदा अंडर ब्रिज मार्ग।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
भारी वाहनों की आवाजाही के लिए निम्न मार्ग तय किया गया है-
कुम्हारी – कांजी हाउस – मोतीपुर – आवरी ग्राम होते हुए सिरसाकला मार्ग।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि अंडर ब्रिज बंद रहने की
अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। साथ ही यातायात संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
पुलिस का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा, इसलिए यात्रियों को समय रहते अपने यात्रा मार्ग की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
