लखनऊ में देश भर के कलाकारों के साथ विशेष समारोह में दिया गया सम्मान
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में उच्च पदस्थ रहे सेवानिवृत्त अफसर और जाने-माने गायक संजय सिंह को गायन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इस वर्ष का प्रतिष्ठित बंश बहादुर मल्ल संगीत श्री सम्मान प्रदान किया गया। वर्तमान में नोएडा निवासी संजय सिंह को यह सम्मान निराला सभागार, दूसरा तल, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, हज़रतगंज, लखनऊमें प्रदान किया गया। संजय सिंह ने बताया कि यह प्रतिष्ठित सम्मान संगीत (गायन) कला के विभिन्न रूपों में उपलब्धि के लिए दिया जाता है।
सम्मान समारोह में संजय सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए ‘मन रे तू काहे न धीर धरे’ और ‘मधुबन खुशबू देता है’ गीत सुनाकर समा बांध दिया।
इस कार्यक्रम मे विशिष्ट अतिथि मनोज कांत (निदेशक ,राष्ट्रधर्म पत्रिका व सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख ,आरएसएस), पवन सिंह (सदस्य विधान परिषद), कामेश्वर सिंह (अध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा) तथा श्रीप्रकाश गुप्ता (आईएएस) की उपस्थिति रही। सञ्चालन डॉ. पूनम वर्मा ने किया। अमित कुमार मल्ल ने अतिथियों का स्वागत और उनका संक्षिप्त परिचय दिया।
समारोह में आंध्र प्रदेश,तमिलनाडु, केरल ,पश्चिम बंगाल और हरियाणा आदि राज्यों के चयनित लोगों को भी सम्मानित किया गया। जिसमें वीरकेश्वर मल्ल सम्मान ओलंपियन संजीव सिंह, प्रभु नाथ राय और बंश बहादुर, मल्ल साहित्य श्री सम्मान 2025 डॉ. सुधाकर अदीब , डा विजयानंद (प्रयाग) ,बंश बहादुर मल्ल कला श्री सम्मान 2025 सुशील कुमार सिंह, लखनऊ और डॉ. राजीव कुमार शुक्ल दिल्ली और बंश बहादुर मल्ल संगीत श्री सम्मान 2025 डॉ. मधुमिता भट्टाचार्य वाराणसी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि संजय सिंह बहुआयामी प्रतिभा के धनी भारतीय गायक, संगीतकार और रचनाकार हैं। उन्होंने सोनी, जी और दूरदर्शन जैसे प्रमुख भारतीय टेलीविजन चैनलों के लोकप्रिय रियलिटी शोज में विजयी होकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में उच्च पदों पर दायित्व निभाने के बाद उन्होंने संगीत को पूर्णकालिक रूप से अपनाया और संगीत के प्रति ही अपना जीवन समर्पित किये हुए हैं। गायक के साथ-साथ वे एक प्रतिभाशाली संगीतकार भी हैं। उनकी कई संगीत रचनाएं टी-सीरीज जैसे प्रमुख म्यूजिक लेबल्स द्वारा जारी की गई हैं।
