दुर्ग : न्यूज़ 36 : उर्स पाक के अवसर पर आयोजित कव्वाली कार्यक्रम स्थल से पुलिस ने नाबालिग समेत सात युवकों को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात चाकू जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार किए गए युवकों में धमतरी आमापारा निवासी मोहम्मद अबरार (19), राजनांदगांव सोनारपारा शेखर नामदेव (23), ओम नगर उरला के ऋषि यादव (19), छुरिया के तुषार अग्रवाल (23), कैम्प-1 रामनगर के गुरप्रीत सिंह (20), न्यू कीर्तन नगर सुपेला के विक्की गायकवाड (20) और एक नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि रात से सुबह 6 बजे तक चले कव्वाली कार्यक्रम के बीच पुलिस ने इन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। दुर्ग में उर्स पाक पर कव्वाली सुनने बड़ी संख्या में परिवार सहित महिला और पुरुष पहुंचते हैं, जिससे सड़क पर भीड़ रहती है। सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए थे। दुर्ग कोतवाली, मोहन नगर, पद्मनाभपुर और पुलगांव के टीआई अपनी टीमों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर संदिग्ध युवकों पर पड़ी।
