साजा(अभिषेक) : न्यूज़36 : राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में असफल रही है। यह बजट युवाओं, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की वास्तविक समस्याओं से दूर दिखाई देता है। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि साजा क्षेत्र के स्थानीय विधायक ईश्वर साहू द्वारा अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—रोजगार, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सिंचाई—को लेकर इस बजट में कोई ठोस और स्पष्ट प्रावधान सुनिश्चित नहीं कराया गया। साजा विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से विकास कार्यों की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन इस बजट में क्षेत्र विशेष के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई। युवाओं के लिए नई सरकारी नौकरियों और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट रोडमैप का अभाव है। किसानों के कर्ज, समर्थन मूल्य और कृषि लागत को कम करने जैसे मुद्दों पर भी ठोस निर्णय नहीं दिखाई देते। महंगाई से जूझ रही आम जनता के लिए राहत के प्रभावी उपाय बजट में नज़र नहीं आते। कांग्रेस पार्टी यह स्पष्ट करना चाहती है कि जनता की आवाज़ को अनदेखा नहीं किया जा सकता। हम साजा, बेमेतरा की जनता के अधिकारों और विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे तथा सरकार और स्थानीय विधायक से जवाबदेही की मांग करते रहेंगे।
