भिलाई : न्यूज़ 36 : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने अपने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) में अतिरिक्त अंशदान का अवसर प्रदान किया है। इस संबंध में सेल के मानव संसाधन विभाग ने 3 जून 2026 को परिपत्र जारी किया है।
जारी सर्कुलर के अनुसार, कर्मचारी अब सेल पेंशन योजना के तहत अपने वैध एनपीएस टियर-1 खाते में स्वैच्छिक रुप से अपने मूल वेतन एवं महंगाई भत्ते (Basic Pay + DA) का अतिरिक्त 2 प्रतिशत अंशदान कर सकेंगे। यह योगदान कंपनी द्वारा पहले से किए जा रहे अंशदान के अतिरिक्त होगा।
सेल प्रबंधन ने कर्मचारियों को इस सुविधा का लाभउठाने के लिए 15 जून 2026 तक विकल्प देने का अवसर प्रदान किया है। निर्धारित अवधि के भीतर सहमति देने वाले कर्मचारियों का अतिरिक्त अंशदान एनपीएस खाते में जमा किया जाएगा।
कर्मचारी इस विकल्प का उपयोग ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें सेल के निर्धारित पेंशन पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी सहमति दर्ज करनी होगी।
मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लागू किया गया है। परिपत्र पर वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) प्रबल साधु के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि सेल के सभी संयंत्रों एवं इकाइयों के मानव संसाधन विभागों, सीपीआरएस भिलाई, सीएंडआईटी विभाग तथा कॉर्पोरेट कार्यालय पोर्टल को प्रेषित की गई है।
इस निर्णय से सेल कर्मचारियों को अपने सेवानिवृत्ति कोष में अतिरिक्त बचत करने और भविष्य की वित्तीय सुरक्षा को मजबूत बनाने का अवसर मिलेगा।
