टेंट संचालक उखाड़ने लगा डोम, बोला- 1.15 करोड़ में डील हुई, 25-30 लाख ही मिले
दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले के नगपुरा गांव में कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा चल रही है। 1.15 करोड़ रुपए में टेंट-डोम लगाने की डील हुई थी, लेकिन समिति ने 25-30 लाख रुपए ही दिए। आयोजन समिति और टेंट हाउस संचालक के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया।

टेंट संचालक ने पंडाल उखाड़ने की कोशिश की
एएसपी पद्मश्री, हेम प्रकाश नायक ने कहा कि, कथा शुरू होने के बाद किसी भी हालत में टेंट नहीं हटाया जाएगा। टेंट हटाने से भगदड़ जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है। दोनों पक्षों को समझाइश भी दी। कथा अभी जारी है।
जानिए क्या है पूरा विवाद : दरअसल, शिव महापुराण कथा 17 से 21 दिसंबर तक नागपुर में हो रही है, जिसमें रोजाना हजारों भक्त आ रहे हैं। आयोजन समिति और टेंट हाउस संचालक के बीच रोजाना रात में पैसों को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है।
शुक्रवार की रात भी इसी तरह डोम उखाड़ने को लेकर बात हुई। बाद में इसे किसी तरह रोक लिया गया। वहीं, शनिवार को सुबह से ही समिति और टेंट हाउस संचालक के बीच पैसों को लेकर फिर विवाद हुआ। इसके बाद टेंट हाउस वाले डोम उखाड़ने पहुंच गए।
विवाद के कारण उखाड़ रहे थे टेंट : संचालक
नगपुरा के कर्मा टेंट हाउस के संचालक नरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि सवा करोड़ रुपए में काम की बातचीत हुई थी, लेकिन आयोजन समिति की ओर से रोजाना 2 से 3 लाख रुपए का भुगतान किया जा रहा है। अब तक उन्हें 25 से 30 लाख रुपए ही मिले हैं।
टेंट संचालक ने बताया कि भुगतान की दिक्कत के चलते ट्रांसपोर्ट का खर्च भी नहीं निकल पा रहा था, इसलिए टेंट को करीब 15 प्रतिशत छोटा कर दिया गया है। अब समिति से बातचीत हो गई है और विवाद सुलझ गया है। बाकी भुगतान शाम 4 से 5 बजे तक देने की बात कही गई थी।
