Monday, June 8, 2026

मोबाइल हैक कर महिला शिक्षिका के खाते से 79,800 रुपये उड़ाए

भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां मोबाइल हैक कर एक निजी स्कूल की शिक्षिका के बैंक खातों से 79,800 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफअपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-7 मार्केट स्थित निवासी नेहा जैन, जो मालवीय नगर स्थित केएच टाइनी टॉट स्कूल में शिक्षिका हैं, ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई है कि 26 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने परिजनों के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग हो गया और लगभग ढाई घंटे बाद स्वतः चालू हुआ।

अगले दिन 27 मई को बैंक खाते की जांच करने पर उन्हें पता चला कि 26 मई को शाम 3:59 बजे उनके खातों से यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर ली गई है।

शिकायत के अनुसार कैनरा बैंक खाते से 8,800 रुपये तथा पंजाब नेशनल बैंक खाते से 71,000 रुपये, कुल 79,800 रुपये उनकी जानकारी और अनुमति के बिना निकाल लिए गए।

पीड़िता ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई तथा संबंधित बैंकों को सूचना देकर अपने खातों को फ्रीज कराया। इसके बाद उन्होंने थाना भिलाई नगर में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने और रकम वापस दिलाने की मांग की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस साइबर माध्यम से ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news