भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग में पीजी में देर रात चल रही पार्टी के बाद हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कवर्धा निवासी चित्रेश सहारे के रूप में हुई है। वह सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परीक्षा देने वह दुर्ग आया था।
घटना सोमवार-मंगलवार की देर रात 2.30 से 3 बजे के बीच की है। चित्रेश अपने दोस्त रवि के पीजी में गर्लफ्रेंड, उसकी बहन और दो अन्य दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था।
आरोपी वैभव और राजकुमार
इसी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर आरोपी भी रहते थे। पार्टी खत्म होने के बाद चित्रेश और उसके दोस्त युवतियों को छोड़ने नीचे उतरे। उसी दौरान पीजी में रहने वाले आरोपी वैभव मानकर और राजकुमार यादव नीचे बैठे सिगरेट पी रहे थे। उन्होंने चित्रेश और उसके साथियों से रात में इतनी देर बाहर जाने को लेकर विवाद किया और युवतियों से कथित तौर पर बदतमीजी करने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। अचानक आरोपियों ने चाकू से चित्रेश पर लगातार 3-4 वार कर दिए। वह घायल होकर वहीं गिर गया और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद चित्रेश के दोस्त घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाने के बजाय युवतियों को उनके हॉस्टल छोड़ने चले गए। जब वे वापस लौटे, तब चित्रेश को अस्पताल ले गए। अत्यधिक खून बहने के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद चित्रेश को मृत घोषित कर दिया।
