Monday, August 10, 2026

वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा

मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्मृति नगर पुलिस चौकी और महिला थाना की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में दबिश देकर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 4 लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपये नगद, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी (23) द्वारा ग्राहकों से पैसे लेकर देह व्यापार के लिए महिलाओं को उपलब्ध कराने तथा हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32) के माध्यम से लड़कियां उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई।

कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में ग्राहक और अन्य संबंधित व्यक्ति भी मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने मौके से 19 मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नगद, देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों एवं ग्राहकों से संबंधित जानकारी वाली सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए।

9 आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रुपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त मोबाइल फोन और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, जिससे स्पा सेंटर से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई-दुर्ग शहर शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई। नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम के मार्गदर्शन में स्मृति नगर पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अमित अदानी और महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक नीति राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन, दस्तावेजों और अन्य सामग्री के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news