जिले के 01 लाख परिवारों से संग्रहित अन्न से बनेगा महाप्रसाद
भिलाई : न्यूज़ 36 : श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा 26 मार्च को भव्य रूप से श्रीराम नवमी कार्यक्रम का आयोजन किया रहा है। जिसमें जिले के 01 लाख से अधिक परिवारों से संग्रहित अन्न से महाप्रसाद बनाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बाल योगेश्वर राम बालकदास महात्यागी, श्री पाटेश्वर धाम उपस्थित रहेंगे। वहीं अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहेंगे। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व समिति के संरक्षक प्रेम प्रकाश पाण्डेय भी कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थिति रहेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, डोमनलाल कोर्सेवाडा, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी आलोक डंगस, छत्तीसगढ बाल सरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन उपस्थित रहेंगे।
श्रीराम नवमी के इस आयोजन हेतु समिति द्वारा विगत 22 फरवरी से निरंतर चतुर्थ वर्ष भी “एक मुट्टी दान-श्रीराम के नाम अभियान भी चलाया गया।श्रीराम जन्मोत्सव समिति के युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि विगत 04 दशकों से निरंतर चला आ रहा यह आयोजन, मध्य भारत के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के रूप में अपनी पहचान बना चुका है, जिसमें लगभग 1150 से अधिक मठ-मंदिरों से ध्वजवाहक शोभायात्रा में शामिल होते हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भव्य शोभायात्राएं निकलती हैं जो मुख्य रूप से बाबा भोलेनाथ शोभायात्रा, भगवान चतुर्भुजी शोभायात्रा, मां बम्बलेश्वरी शोभायात्रा और मां दंतेश्वरी शोभायात्रा के रूप में आयोजन स्थल पर एकत्रित होती है। यहां पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा विभिन्न प्रखण्डों से झांकियां भी निकाली जाती है। जिन्हें आयोजन स्थल पर पुरस्कृत किया जाता है।मनीष पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान में विगत 22 फरवरी से अब तक जिले के 01 लाख से अधिक परिवारों से अन्न संग्रहित किया जा चुका है। इस अन्न से श्रीरामनवमी के शुभ अवसर पर महाप्रसाद बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में मिलाई वासियों ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ सहभागिता दी है. यह अभूतपूर्व है। 26 मार्च को होने वाले मध्य भारत के इस सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण पर हैं। आयोजन संबंधी सारी तैयारियों के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया था। वहीं समिति के मुख्य शाखा, महिला शाखा और युवा शाखा द्वारा लगाता अपने-अपने प्रखण्डों में आमजनों को इस आयोजन के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इस वर्ष सभी 12 प्रखण्डों से शोभायात्रा निकाली जाएगी जिराके लिए रूट का निर्धारण पहले ही किया जा चुका है। यह सभी शोभायात्रा तय रूट से होते हुए रामलीला मैदान पावर हाउस पहुंचेगी।पत्रकारवार्ता के दौरान मुख्य रूप से समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर, जिलाध्यक्ष मदन सेन, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, जिला महामंत्रीगण बसंत प्रधान, जोगिंदर शर्मा, गारगी शंकर मिश्रा आदि उपस्थित थे।
