Tuesday, March 3, 2026

IIM भिलाई में “ग्रीन रेनोवेशन एंड इनोवेशन्स” पर नवाचारों की प्रस्तुति

भिलाई चैप्टर के 80वें स्थापना दिवस पर तकनीकी शोधपत्र प्रस्तुति प्रतियोगिता

भिलाई : न्यूज़ 36 : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (IIM) के 80वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आईआईएम भिलाई चैप्टर द्वारा 24 फरवरी 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के एचआर-लर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर में तकनीकी शोधपत्र प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन कार्यपालक निदेशक (वर्क्स), भिलाई इस्पात संयंत्र एवं अध्यक्ष, आईआईएम भिलाई चैप्टर श्री राकेश कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

“ग्रीन रेनोवेशन एंड इनोवेशन्स” (Green Renovation and Innovation) विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता ने इस्पात उद्योग में पर्यावरणीय प्रदर्शन सुधार, ऊर्जा दक्षता संवर्धन तथा परिचालन उत्कृष्टता के लिए सतत एवं नवाचारीसमाधान प्रस्तुत करने हेतु तकनीकी पेशेवरों को एक उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराया। संयंत्र के विभिन्न विभागों से कुल 15 शोधपत्र प्रस्तुत किए गए, जो अंतर-विभागीय सहभागिता एवं हरित औद्योगिक प्रथाओं के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का परिचायक है।

कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) एवं अध्यक्ष, आईआईएम भिलाई चैप्टर राकेश कुमार ने अपने उद्बोधन में इस्पात उद्योग के भविष्य निर्माण में सतत प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा संरक्षण उपायों एवं पर्यावरणीय उत्तरदायी नवाचारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बीएसपी के विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशिष्ट विशेषज्ञों के पैनल द्वारा किया गया, जिनमें प्राचार्य, शासकीय महिला पॉलिटेक्निक, रायपुर डॉ. वर्षा पांड्या चौरसिया; प्रोफेसर (मैटेरियल साइंस एवं मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग), आईआईटी भिलाई डॉ. यज्ञेश शादंगी; पूर्व मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन), बीएसपी एवं उपाध्यक्ष, आईआईएम भिलाई चैप्टर तापस दासगुप्ता; तथा मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू), बीएसपी बी. के. बेहरा शामिल थे। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुत शोधपत्रों की तकनीकी गहनता, नवाचार क्षमता तथा व्यावहारिक उपयोगिता की सराहना की।शोधपत्र प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एसपी-3 एवं ओएचपी की टीम सजीव वर्गीस, आर. डी. शर्मा, अरुणेश शर्मा एवं विपुल सोनी को प्रदान किया गया। वहीं द्वितीय पुरस्कार भी एसपी-3 एवं ओएचपी की टीम विवेक श्रीवास्तव, विकास पिपरानी, अखिल यू. के. एवं के. के. वर्मा ने प्राप्त किया तथा तृतीय पुरस्कार एसएमएस-3 की टीम अतुल बेंडाले एवं सुशील कुमार को एवं सांत्वना पुरस्कार प्रोजेक्ट्स से शबनम श्वेता को दिया गया।

कार्यक्रम का समन्वयन महाप्रबंधक (आरसीएल) एवं मानद सचिव, आईआईएम भिलाई चैप्टर के. वी. शंकर द्वारा किया गया। एस. एस. आर. सी. मूर्ति (कोषाध्यक्ष), उदयभानु तिवारी (संयुक्त सचिव) तथा जे. एस. कोहली, वरिष्ठ प्रबंधक (आरसीएल) ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (आरसीएल) मनीषा नंदी द्वारा किया गया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news