बड़ी मात्रा में स्क्रैप जप्त
दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। कार्रवाई के दौरान विभित्र स्थानों से लोहे का स्क्रैप, पुराने वाहन पार्ट्स और अन्य कबाड़ सामग्री जप्त की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गा मणि शंकर चंद्र ने बताया कि दुर्ग में अवैध कबाड़ के कारोबार की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली, मोहननगर और अंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के तकियापारा, नयापारा रोड आरबीएस बस गैरेज के पास और मोतीपारा लुचकी तालाब के सामने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर कबाड़ सामग्री जप्त करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसी तरह मोहन नगर थाना क्षेत्र के तितुरडीह स्थित एक कबाड़ी दुकान में दबिश देकर करीब 500 किलोग्राम पुराने लोहे के कार पार्ट्स (कीमत लगभग 13,500 रुपये) जप्त किए गए। वहीं अण्डा थाना क्षेत्र के विनायकपुर रोड स्थित दुकान से लगभग 1.50 क्विंटल वाहन स्क्रैप और लोहे का कबाड़ (कीमत लगभग 3,750 रुपये) बरामद किया गया। संबंधित आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पकड़े गए आरोपीयों के नाम :
मोहम्मद सलमान (26 वर्ष), केलाबाड़ी मस्जिद के पास, दुर्ग
मोहम्मद शोएब आजमी (35 वर्ष), तकियापारा वार्ड 08, दुर्ग
मोहम्मद एजाज (52 वर्ष), तकियापारा वार्ड 08, दुर्ग
दिलबाग सिंह ढिल्लन उर्फ बागे, तितुरडीह, दुर्ग
मोहम्मद जावेद (35 वर्ष), अण्डा, जिला दुर्ग
जप्त की गई सामग्री :
कार्रवाई के दौरान लोहे की खिड़की, साइकिल फ्रेम, साइकिल रिंग, लूना के पहिए, स्कूटर स्टेपनी, लोहे के पाइप, सरिया रॉड, 500 किलो पुराने कार पार्ट्स और करीब 1.50 क्विंटल वाहन स्क्रैप सहित बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री जप्त की गई।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली के निरीक्षक नवीन कुमार राजपूत सहित थाना स्टाफ और मोहन नगर व अण्डा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
