एसीसीयू और पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिलें बरामद
भिलाई : न्यूज़ 36 : अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरानी भिलाई पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गनियारी क्षेत्र में संचालित एक जुआ अड्डे पर छापा
मारकर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 5 लाख 20 हजार 170 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जून की रात नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गनियारी भिलाई-3 स्थित बड़कू दाऊ की बाड़ी में बने मकान के अंदर कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर एसीसीयू एवं थाना पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आठ व्यक्ति जुआ खेलते हुए पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों में सेवक वर्मा, पंकज देवांगन, चितामणी चंद्राकर, कुन्नु साहू, तुंगध्वज चंद्रवंशी, प्रकाश चंद्राकर, केवल चंद्राकर एवं टाकेश्वर साहू शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 1 लाख 82 हजार 170 रुपये नकद, 8 स्मार्ट मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग 1 लाख 38 हजार रुपये तथा 3 मोटरसाइकिलें जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये है, जब्त की हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 5 लाख 20 हजार 170 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 327/2026 पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरु कर दी गई है।
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा के निर्देशन में एसीसीयू टीम एवं पुरानी भिलाई थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
