भिलाई : न्यूज 36 : सूर्या टीआई मॉल के सेकंड फ्लोर पर संचालित SPA सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को औचक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सेंटर के भीतर युवतियों सहित अन्य लोग मौजूद मिले। पुलिस ने सभी को बाहर निकालकर पूछताछ की और मामले की जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई। टीम में भिलाई नगर CSP निशांत पाठक, डीएसपी IUCAW भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी सहित पुलिस बल शामिल था।
बताया गया कि मॉल प्रबंधन के अनुसार जिस परिसर में SPA सेंटर संचालित हो रहा था, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है। वहां बिजली और पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। इसके बावजूद परिसर के भीतर युवतियों और अन्य लोगों की मौजूदगी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
रेड के दौरान मिली युवतियों की भूमिका और संलिप्तता की जांच के बाद पुलिस ने करीब 7-8 युवतियों को बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद किया है। पुलिस ने उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में दोबारा शामिल नहीं होने की हिदायत दी है।
अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान फिलहाल यहां किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने SPA सेंटर की गतिविधियों की जांच की और संबंधित लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
भिलाई नगर CSP निशांत पाठक ने कहा कि शहर में SPA सेंटरों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे स्थानों पर पुलिस की चेकिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
