भिलाई : न्यूज़ 36 : सेक्टर-6 स्थित जुबली पार्क के पास रात 8.30 बजे एक चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई। पैदल टहल रही एक महिला के गले से चेन खींचकर भाग रहे युवक को पुलिस ने मौके पर ही दौड़कर पकड़ लिया। पुलिस की मुस्तैदी से वारदात टल गई और आरोपी को तुरंत हिरासत में लिया है।
सेक्टर-6 जुबली पार्क के पास एक महिला रोज की तरह पैदल टहल रही थी। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और अचानक महिला के गले से चेन खींचकर भागने लगा। उसी समय शहर में पेट्रोलिंग कर रहे सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी अपनी टीम के साथ वहां से गुजर रहे थे।
महिला की आवाज सुनते ही सीएसपी और पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और भाग रहे युवक का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान हर्ष चंद्राकर (22 वर्ष) निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अचानक वारदात को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता से वह बच नहीं सका।
पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई और उसे हिरासत में रखा है। उसके खिलाफ चेन स्नेचिंग का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शहर में लगातार पेट्रोलिंग के चलते पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
