भिलाई : न्यूज़ 36 : पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज की पार्किंग से एक बाइक चोरी की थी। वहां लगे सीसी टीवी कैमरे से आरोपी का सुराग मिला । इसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, पूछताछ में आरोपी ने राजनांदगांव और खैरागढ़ से की गाड़ियां चोरी करने की बात स्वीकार की । आरोपी के पास से चोरी की कुल पांच गाड़ियां जप्त की गई। जिनकी कीमत सवा दो लाख रुपये आंकी गई है। 22 जनवरी को श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज जूनवानी की पार्किंग से सुपेला निवासी चंद्रहास सिन्हा की बाइक चोरी हो गई थी । पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। जिस पर स्मृति नगर चौकी टीम ने आरोपी की पताशाजी शुरू की। अस्पताल की पार्किंग से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पंचशील नगर नयापारा दुर्ग निवासी आरोपी सतीश कुमार साहू 22 वर्ष को हिरासत में लिया। आरोपी के पास से चोरी की बाइक बरामद की गई। आरोपी ने राजनांदगांव से दो और खैरागढ़ से दो गाड़ियां चोरी की थी ।आरोपी की निशानदेही पर चोरी की सभी गाड़ियां बरामद की गई है। उसके खिलाफ चोरी की धारा के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
