भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई में पीएचडी शोधार्थियों से निर्धारित शुल्क के नाम पर की गई बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। मामले में फर्जी रसीद जारी कर नकद राशि का गबन करने वाले विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीएचडी शाखा में कार्यरत कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद द्वारा शोधार्थियों से नकद राशि लेकर फर्जी फीस रसीदें जारी की जा रही थीं। जांच में कुल 9 लाख 44 हजार 500 रुपये के गबन की पुष्टि हुई।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना नेवई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 062/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 316(2), 336(3), 338 एवं 340(2) में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 09 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी शुल्क रसीदें एवं संबंधित दस्तावेज भी जप्त किए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना नेवई के थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक करन सोनकर एवं आरक्षक रवि बिसाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
