दुर्ग : न्यूज़ 36 : उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलीटेक्निक, दुर्ग में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, नई दिल्ली के निर्देशानुसार प्रथम वर्ष के छात्र/छात्राओं हेतु तीन सप्ताह का इंडक्शन कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि सतीश कुमार ठाकुर, डीएसपी यातायात और अध्यक्षता कर रहे संस्था के प्राचार्य प्रकाश कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्राचार्य श्री पांडेय ने नव प्रवेशित छात्र/छात्राओं का स्वागत किया एवं संस्था के गौरवपूर्ण इतिहास से सभी को अवगत कराया। उन्होंने संस्था के उत्कृष्ट प्लेसमेंट जो लगभग 60 प्रतिशत है से भी अवगत कराया, साथ ही तीन सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रम के उद्देश्य को छात्र/छात्राओं से साझा किया एवं छात्र/छात्राओं को विषय के ज्ञान के साथ ही साथ एक बेहतर नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया। मुख्य अतिथि सतीश कुमार ठाकुर, डीएसपी यातायात ने यातायात सुरक्षा विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘एम परिवहन एप‘ के बारे में भी छात्र/छात्राओं को बताया तथा इसके लाभ का उल्लेख किया। मुख्य अतिथि ने इस एप से सम्बन्धित ‘स्टेप टू स्टेप‘ गाइड को साझा किया गया। इन्होंने अपने जीवन से सम्बन्धित कई रोचक पहलुओं की भी चर्चा की जो कि छात्र/छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहे एवं धैर्य, लगन एवं मेहनत से अपनी तीन साल के पाठ्यक्रम को पूर्ण करने में छात्र/छात्राओं को शुभेच्छा प्रदान की।
कार्यक्रम की कड़ी में प्रथम सेमेस्टर की प्रभारी डॉ. रचना सिंह ने संस्था की विस्तृत जानकारी पावर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष विद्युत डॉ. साजी टी. चाको, विभागाध्यक्ष इलेक्ट्रानिक्स डॉ. हिमानी अग्रवाल, डॉ.राखी जंघेल, गुलशन कुमार ठाकुर, एनएसएस प्रभारी प्रदीप राजपूत एवं संस्था परिवार के सदस्यगण उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में लगभग 400 नव प्रवेशित छात्र/छात्राओं की उपस्थिति दर्ज थी। कार्यक्रम का सफल आयोजन संस्था प्रमुख के उत्कृष्ट मार्गदर्शन में प्रथम सेमेस्टर के शिक्षकों एवं एनएसएस के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।
